Sirmaur: सरकारी पार्क पर चला JCB, पांवटा साहिब में नगर परिषद की संपत्ति तोड़ने और चोरी के आरोप में दो गिरफ्तार

पांवटा साहिब में नगर परिषद की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना पांवटा साहिब ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान गुरदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर-3 बद्रीपुर और जयदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर-1 बद्रीपुर, पांवटा साहिब के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार यह मामला 23 अक्टूबर 2025 को दर्ज किया गया था। नगर परिषद पांवटा साहिब के कनिष्ठ अभियंता ने शिकायत में बताया था कि फ्रैंड्स कॉलोनी के वार्ड नंबर-1 में स्थित नगर परिषद के पार्क की चारदीवारी, रास्ता और टीन शैड को जेसीबी मशीन से तोड़ा गया। इसके अलावा पार्क में लगे सरकारी सामान की चोरी भी की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि भूमि मालिक की मृत्यु के बाद उसके वारिस गुरदीप सिंह ने अपने साथी जयदीप सिंह के साथ मिलकर बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के सरकारी पार्क को तोड़ने की योजना बनाई। दोनों ने जेसीबी मशीन की मदद से पार्क को नुकसान पहुंचाया और वहां से सामान भी चोरी किया। इस पूरे घटनाक्रम में सीसीटीवी फुटेज को अहम सबूत के तौर पर जांच में शामिल किया गया।

इस मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब में पीडीपी एक्ट की धारा 3 और बीएनएस की धारा 303(2), 332(सी) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर हैं और चोरी किए गए सामान की बरामदगी को लेकर आगे की जांच जारी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!