पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय सेना ने सीमा पर एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतीय सेना ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के चक्कां दा बाग क्षेत्र में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास से एक पाकिस्तानी नागरिक को गिरफ्तार किया है। सेना के अधिकारियों ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है और बताया है कि व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है।
पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की बेरहमी से हत्या के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सीमा पर माहौल अत्यंत तनावपूर्ण बना हुआ है और पाकिस्तान लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है, जिसके चलते भारतीय सेना को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ रही है।
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से पाकिस्तान नियंत्रण रेखा (LoC) पर लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन कर रहा है। भारतीय सेना ने सोमवार रात जानकारी दी कि जम्मू-कश्मीर के कई सेक्टरों में पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के छोटे हथियारों से गोलीबारी की, जिसके जवाब में भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई की। 22 अप्रैल को हुए हमले को लगभग 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान अब भी संघर्ष विराम का उल्लंघन करता आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से अकारण गोलीबारी की। यह गोलीबारी जम्मू के पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी, अखनूर और कश्मीर के कुपवाड़ा व बारामूला सेक्टरों में की गई। हालांकि हमेशा की तरह इस बार भी भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!