Kangra: 14 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा उद्घोषित अपराधी, नूरपुर पुलिस ने 2012 के मामले में किया बड़ा खुलासा

पुलिस जिला नूरपुर ने एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 2012 से फरार चल रहे एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थाना इंदौरा के अंतर्गत दर्ज एक मामले में की गई, जिसमें आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

पुलिस के अनुसार यह मामला एफआईआर नंबर 152/2012 दिनांक 23 मई 2012 से संबंधित है, जो धारा 379 आईपीसी तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 और 42 के तहत थाना इंदौरा, जिला कांगड़ा में दर्ज किया गया था। इस मामले में आरोपी सुखविंदर सिंह पुत्र तरसेम सिंह निवासी गांव मंड सनोअर, डाकघर सनोअर, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा, उम्र करीब 43 वर्ष को अदालत द्वारा पहले ही उद्घोषित अपराधी घोषित किया जा चुका था।

लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आखिरकार 7 मार्च 2026 को नूरपुर पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस जिला नूरपुर ने बताया कि फरार आरोपियों और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों को कानून के दायरे में लाने के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!