कांगड़ा जिले के नूरपुर क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को जब्त किया है। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एक टाटा ट्रक, एक ट्रैक्टर और एक एलएंडटी मशीन को कब्जे में लेकर इम्पाउंड किया गया है।
जानकारी के अनुसार नूरपुर पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी। इस दौरान थाना डमटाल और थाना जवाली के अंतर्गत चौकी कोटला की पुलिस टीमों ने वारिखड्ड, ढांगूपीर और कोटला खड्ड में संयुक्त अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान एक टाटा ट्रक (PB-35-U-4289), एक ट्रैक्टर और एक एलएंडटी मशीन को जब्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि ये वाहन अवैध खनन गतिविधियों में शामिल पाए गए, जिसके चलते इन्हें तुरंत कब्जे में लेकर इम्पाउंड कर दिया गया। संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालान भी किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत सभी मामलों को माननीय न्यायालय में भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!