Kangra: न्यू चंडीगढ़ की तर्ज पर बनेगा ‘न्यू चंगर’, शिक्षा में बड़े बदलाव का दावा; लंज कॉलेज में लाखों की सौगात

प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम अब नजर आने लगे हैं। यह बात शाहपुर के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने स्नातक महाविद्यालय लंज के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी शिक्षण संस्थानों में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए ठोस कदम उठा रही है।

समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने विद्यार्थियों को वार्षिक समारोह 2026 के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण समय होता है। जो विद्यार्थी इस समय का सदुपयोग करते हैं और कठिन परिश्रम करते हैं, उनका भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने अपने छात्र राजनीति और खेल जीवन के अनुभव साझा करते हुए छात्रों से मेहनत और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्राथमिक शिक्षा को अंग्रेजी माध्यम करने, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने और स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर लाने जैसे फैसले ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि महाविद्यालय को ऑनलाइन सबोर्डिनेट परीक्षाओं का परीक्षा केंद्र बनाने के प्रयास जारी हैं। इस दौरान उन्होंने 2.5 लाख रुपये की लागत से बने जिम का उद्घाटन किया। उन्होंने जानकारी दी कि महाविद्यालय में 14.64 लाख रुपये विभिन्न कार्यों पर और 28.60 लाख रुपये आईसीटी लैब को उन्नत करने पर खर्च किए गए हैं। इसके अलावा कबड्डी मैट की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने दो सोलर लाइट, चार सीसीटीवी कैमरे और 12 कंप्यूटर देने की घोषणा की तथा टेबल टेनिस सुविधा शुरू करने की भी बात कही।

उपमुख्य सचेतक ने कहा कि तकनीकी, टाउन एवं कंट्री प्लानिंग मंत्री जल्द क्षेत्र का दौरा करेंगे और प्रस्तावित टाउनशिप योजना का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र की तस्वीर बदलने वाली है और उनका सपना है कि यह क्षेत्र न्यू चंडीगढ़ की तर्ज पर ‘न्यू चंगर’ के रूप में विकसित हो, जहां युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलें।

उन्होंने पंचायत अपर लंज के सिद्ध भेड़ा और गोठ गांव का दौरा कर सड़कों को गांव तक जोड़ने के निर्देश दिए। मालधु क्षेत्र में पेयजल समस्या के समाधान के लिए हैंडपंप लगाने और पाइपलाइन बदलने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। चकवन लंज की पशुपालन डिस्पेंसरी को गोठ या सिद्ध भेड़ा में स्थानांतरित करने की बात भी कही।

इससे पहले महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. संजय शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि फर्स्ट ईयर का परिणाम 64 प्रतिशत, सेकंड ईयर का 94 प्रतिशत और फाइनल ईयर का 97 प्रतिशत रहा। उन्होंने बताया कि 19 छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई है और दो छात्राओं ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है। मुख्य अतिथि ने नेट परीक्षा पास करने वाली छात्रा शिवाली को स्मृति चिन्ह भेंट किया। महाविद्यालय पुस्तकालय में छात्रों के साथ-साथ पंचायत के युवाओं को भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की अनुमति दी गई है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न परीक्षाओं, खेल और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। पूर्व प्रधानाचार्य आर.पी. चोपड़ा, के.एल. बंटा, संजीव शर्मा, के.एस. अत्री, वेद पटयाल और वृंदा गुप्ता ने 12 छात्राओं की पूरे वर्ष की फीस का खर्च उठाते हुए उन्हें चेक प्रदान किए। सीएससीए अध्यक्ष प्रिया ने भी मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया। समारोह में उपनिदेशक रोजगार तेज खन्ना, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!