Himachal: एक चिंगारी ने उजाड़ दिए 4 परिवार, दोमंजिला मकान जलकर राख, सर्दियों में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर

उपमंडल के नरैण बाहली क्षेत्र में एक भीषण अग्निकांड ने चार परिवारों की जिंदगी पलभर में बदल दी। लच्छू राम पुत्र तृबु राम का दोमंजिला मकान अचानक लगी आग में पूरी तरह जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन मकान में रहने वाले चार परिवार पूरी तरह से बेघर हो गए हैं और अब उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 11 बजे लगी। ग्राम प्रधान शिव राम ने बताया कि उन्हें करीब साढ़े 11 बजे फोन पर घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया था। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद केवल एक रसोई को बचाया जा सका, जबकि बाकी मकान और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

घटना के समय घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। परिवार के सभी सदस्य रोज की तरह खेतों में काम करने गए हुए थे। इस अग्निकांड में लच्छू राम, उनके पुत्र रविंद्र कुमार, शिशु पाल और केवल राम सहित कुल 14 लोग प्रभावित हुए हैं। ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को घटना की सूचना दे दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

इस घटना के बाद चारों परिवारों के सामने सर्दियों के बीच रहने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। गांव में उनका यही एकमात्र मकान था, जो अब पूरी तरह जल चुका है। आग में उनके सभी कपड़े, जरूरी सामान और घरेलू वस्तुएं नष्ट हो गई हैं। अब परिवारों के पास केवल वही कपड़े बचे हैं, जो उन्होंने पहन रखे थे। ठंड के मौसम में बिना छत और जरूरी सामान के इन परिवारों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!