हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में एक कॉलेज छात्रा की हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुआ संदिग्ध आरोपी आखिरकार ग्रामीणों और पुलिस के हत्थे चढ़ गया, लेकिन इस दौरान लोगों का गुस्सा भी चरम पर देखने को मिला और भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी।
जानकारी के अनुसार, नैण गांव के पास गेहूं के खेतों में ग्रामीणों को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। शक होने पर लोगों ने उसे घेर लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर डीएसपी संजीव सूद और एसएचओ रजनीश ठाकुर भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। जब पुलिस पहुंची तो आरोपी के हाथ-पैर बंधे हुए थे और बड़ी संख्या में लोग उसे सख्त सजा देने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के महज साढ़े तीन घंटे के भीतर ही आरोपी को पकड़ लिया गया, जो घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर मिला।
मौके पर मौजूद आक्रोशित लोगों को शांत करते हुए डीएसपी संजीव सूद ने भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नशे की हालत में था, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
गौरतलब है कि सोमवार को गोपालपुर के नैण गांव की रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा सिया गुलेरिया अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। रास्ते में अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। छात्रा का शव मिलने के बाद से पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!