हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। सबसे ज़्यादा नुकसान जेल रोड क्षेत्र में देखने को मिला, जहां से दो शव बरामद किए गए हैं। इसी इलाके में एक और व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला, जिसकी टांग टूटी हुई पाई गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अतिरिक्त एक व्यक्ति अब भी लापता है, जिसकी तलाश में राहत और बचाव दल लगातार जुटे हुए हैं।
तेज़ बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हुआ और शहर के विभिन्न हिस्सों में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। इससे कई घर क्षतिग्रस्त हो गए और दर्जनों वाहन मलबे में दब गए हैं। भारी पानी भरने के चलते कई सड़कों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। प्रशासनिक और आपदा प्रबंधन टीमें राहत कार्यों में जुटी हुई हैं और मलबे में दबे लोगों की तलाश की जा रही है।
इस आपदा का असर मंडी से कुल्लू को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-21 (NH-21) पर भी पड़ा है। यह मार्ग पंडोह के पास 4 मील, 9 मील और डवाड़ा के पास हुए भूस्खलन के कारण बंद हो गया है। इसी प्रकार, राष्ट्रीय राजमार्ग-154 (NH-154) जो मंडी को जोगिंद्रनगर से जोड़ता है, वह भी लवांडी ब्रीज़ के पास भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। एनएचएआई अधिकारियों ने जानकारी दी है कि लगातार भारी वर्षा के चलते सड़कें बहाल करने में कठिनाई हो रही है और मार्गों को खोलने का काम वर्षा बंद होने के बाद ही शुरू किया जाएगा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!