Mandi: मंडी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लंबे समय से फरार उद्घोषित अपराधी चैलचौक से गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में कानून से बचकर फरार चल रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत मंडी पुलिस की पीओ सेल टीम ने सोमवार को एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज कुमार निवासी गांव लोहारा, डाकघर लोहारा, तहसील बल्ह और जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपी को चैलचौक क्षेत्र से पकड़ा। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ एनआई एक्ट की धारा 138 के तहत मामला दर्ज था और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था।

गौरतलब है कि राज कुमार को 3 अगस्त 2024 को एसीजेएम कोर्ट नंबर-1 मंडी द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इसके बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। अब पीओ सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया है।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान आगे भी इसी तरह चलाया जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!