हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में डैहर-समलेहु मार्ग पर एक भयावह सड़क हादसा सामने आया है, जिसने बच्चों के परीक्षा परिणाम की खुशी को मातम में बदल दिया। सुंदरनगर उपमंडल के भंतरेहड़ नाले के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चार बच्चे और दो वयस्क गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार सभी घायलों का संबंध डैहर के एक निजी स्कूल से था। ये लोग वार्षिक परीक्षा के परिणाम लेकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को नाले से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया। घायलों में 65 वर्षीय चालक बसंत राम, 25 वर्षीय वंदना और चार छोटे बच्चे—रियांश (8), सुप्रित (10), अर्णव (8) और रिहाना शामिल हैं।
पुलिस ने इस हादसे की पुष्टि करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। सुंदरनगर डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार के नियंत्रण खो जाने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस असली कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी रखे हुए है। इस घटना के बाद पूरे इलाके और बच्चों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!