हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सरकाघाट उपमंडल के गोपालपुर क्षेत्र में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को कुछ ही घंटों के भीतर पकड़ लिया है, जबकि पूरे इलाके में इस घटना के बाद तनाव और गम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सिया (पुत्री जोगिंदर सिंह) रोज की तरह सुबह अपने घर से कॉलेज के लिए निकली थी। जब वह नैण गांव के पास पहुंची, तभी बाइक पर सवार दो हमलावरों ने उसे रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने तेजधार हथियार से उस पर हमला किया और उसका गला रेत दिया। हमला इतना खतरनाक था कि छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने उनका पीछा किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से घेराबंदी की और घटनास्थल से कुछ ही किलोमीटर दूर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे गोपालपुर और सरकाघाट क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। मृतक छात्रा नैण गांव की निवासी थी और कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही यह जानने की कोशिश की जा रही है कि इस जघन्य हत्या के पीछे क्या वजह थी। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!