LPG के नाम पर बड़ा साइबर फ्रॉड, फर्जी लिंक भेजकर लोगों के बैंक खाते खाली कर रहे ठग

एलपीजी गैस की कमी से जुड़ी खबरों के बीच साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। डर और अफवाहों का फायदा उठाते हुए ठग एलपीजी सप्लाई बंद होने का झांसा देकर लोगों को फर्जी लिंक भेज रहे हैं। जैसे ही लोग इन लिंक पर क्लिक करते हैं, उनका मोबाइल फोन हैक हो जाता है और इसके बाद उनके बैंक खातों से पैसे उड़ाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।

इस बढ़ते खतरे को देखते हुए साइबर सेल शिमला ने लोगों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। साइबर सेल के अनुसार हाल ही में ठग लोगों को फर्जी मैसेज भेजकर उन्हें जाल में फंसा रहे हैं। इन मैसेज में लिखा होता है कि एलपीजी का भुगतान बाकी है और यदि तुरंत पेमेंट नहीं किया गया तो गैस की सप्लाई बंद कर दी जाएगी। ऐसे संदेशों को देखकर लोग घबरा जाते हैं और मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक कर देते हैं।

जैसे ही कोई व्यक्ति इस लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल फोन हैक हो सकता है। इसके बाद ठग मोबाइल की जानकारी का इस्तेमाल कर बैंक खाते से पैसे निकालने की कोशिश करते हैं। कई मामलों में लोगों के खातों से बिना अनुमति पैसे निकालने की रिक्वेस्ट भी आने लगती है।

साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। कभी मैसेज भेजा जाता है कि एलपीजी गैस की केवाईसी बाकी है, कभी कहा जाता है कि एलपीजी सिलेंडर के लिए आधार लिंक करना जरूरी है, तो कभी यह कहा जाता है कि गैस सप्लाई जारी रखने के लिए तुरंत भुगतान करना होगा। इन सभी मैसेज के साथ खतरनाक लिंक भेजे जाते हैं, जिन पर क्लिक करने से मोबाइल और बैंकिंग जानकारी खतरे में पड़ सकती है।

डीआईजी साइबर क्राइम रोहित मालपानी ने लोगों से अपील की है कि वे एसएमएस, व्हाट्सऐप या ई-मेल के जरिए मिलने वाले किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की जानकारी या भुगतान के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!