लद्दाख के गलवान घाटी इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां पत्थर गिरने की वजह से हुए हादसे में सेना के दो जांबाज़ अधिकारी शहीद हो गए, जबकि तीन अन्य घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
शहीद होने वालों में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के लेफ्टिनेंट कर्नल भानु प्रताप सिंह मनकोटिया और पंजाब के गुरदासपुर जिले के लांस दफादार दलजीत सिंह शामिल हैं। दोनों ने ड्यूटी के दौरान देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी।
इस दुखद घटना पर हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा,
“लेफ्टिनेंट कर्नल भानु प्रताप सिंह मनकोटिया और लांस दफादार दलजीत सिंह को देश के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। राज्य सरकार इस मुश्किल वक्त में मनकोटिया परिवार के साथ खड़ी है।”
उन्होंने यह भी कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे और शोकग्रस्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करे।
वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी शोक जताते हुए कहा,
“दोनों जवानों ने देश की सेवा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। हम उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं और ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि वह उन्हें इस दुख को सहने की ताकत दे।”
इस हादसे में घायल हुए तीन अन्य जवानों का इलाज जारी है। पूरा देश आज इन वीरों को नमन कर रहा है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!