Kullu: किराए के कमरे में चल रहा था नशे का खेल, कुल्लू पुलिस की रेड में चिट्टा बरामद

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कुल्लू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर एक व्यक्ति को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बदाह क्षेत्र में की गई, जहां एक किराये के मकान में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार चलने की सूचना मिली थी।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बदाह निवासी विश्वदेव शर्मा के मकान की पहली मंजिल पर किराये पर रह रहा एक व्यक्ति नशे का धंधा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। इस दौरान कमरे की तलाशी लेने पर 7.12 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी संदीप वासुदेव (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS एक्ट) की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाता था और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे गिरोह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!