Kullu: कुल्लू में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गश्त के दौरान 1.220 किलो चरस के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार

कुल्लू जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पतलीकूहल पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। नियमित गश्त के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को 1.220 किलोग्राम चरस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना पतलीकूहल की टीम एनएच-03 पर नियमित गश्त कर रही थी। जब पुलिस दल 15 मील के पास शिव बावड़ी के नजदीक पहुंचा तो वहां मौजूद एक व्यक्ति पुलिस को देखकर असामान्य रूप से घबराने लगा। उसके संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए पुलिस टीम को शक हुआ और उससे पूछताछ की गई। इसके बाद जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1.220 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही चरस को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान करीब 40 वर्षीय भीमू ओली पुत्र धनीराम ओली के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल गांव सदारा, डाकघर न्योली, तहसील और जिला कुल्लू में रह रहा था। इस मामले में पुलिस थाना पतलीकूहल में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत केस दर्ज किया गया है।

इस मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मदान लाल ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह या अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच के बाद मामले के अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सकता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!