Kullu: कुल्लू में नशे पर बड़ा प्रहार, 53.58 ग्राम चिट्टा बरामद, तीन अलग-अलग मामलों में 6 आरोपी गिरफ्तार

देवभूमि कुल्लू में नशे के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। जिला पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 53.58 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस ऑपरेशन के दौरान 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। यह जानकारी एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

पहले मामले में पुलिस थाना भुंतर की टीम ने सियुंड-मणिकर्ण मार्ग पर एक कार (HP 34C-5697) से 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया। पुलिस ने वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया। इस मामले में राजेश कुमार (33), पुत्र रवि कुमार, निवासी गांव व डाकघर मोहल, तहसील भुंतर जिला कुल्लू और आशिष (40), पुत्र ध्यान चंद, निवासी वार्ड नंबर-09, डाकघर ढालपुर, तहसील व जिला कुल्लू को गिरफ्तार किया गया है।

दूसरे मामले में थाना ब्रो की टीम ने 2.58 ग्राम चिट्टा बरामद किया, जिसे 22 फॉयल पेपर में छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान कैलाश चंद (26) निवासी निरमंड (कुल्लू), सुशांत नेगी (25) निवासी टापरी (किन्नौर) और नावांग सोनम (33) निवासी रिकांगपिओ (किन्नौर) के रूप में हुई है।

तीसरे मामले में भुंतर थाना क्षेत्र के बड़ा भुईन में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विमला देवी के मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 40 ग्राम चिट्टा, 4500 रुपए नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और लाइटर बरामद हुआ। इस कार्रवाई में अर्जन मसीह (21), पुत्र काला मसीह, निवासी शमशी (भुंतर) को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी मदन लाल कौशल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कुल्लू जिले में नशे का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!