जिला कुल्लू में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। सरवरी बस अड्डे के पास पुलिस ने एक युवक को 12.67 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी रेहड़ी लगाकर रोजी-रोटी कमाने का दिखावा कर रहा था, जबकि उसी की आड़ में कथित तौर पर नशे की तस्करी कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुल्लू पुलिस की टीम सरवरी बस अड्डे के पास नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान एक रेहड़ी चलाने वाले युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने शक के आधार पर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12.67 ग्राम नशीला पदार्थ, जिसे चिट्टा कहा जाता है, बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार पुत्र रौनकी राम निवासी गांव पंजागना, तहसील जोगिंद्रनगर, जिला मंडी के रूप में हुई है। एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लेकर आया था और कुल्लू में किसे सप्लाई करने वाला था। नशे के नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के लिए आगे की जांच जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!