Kullu: 400 मीटर खाई में गिरी कार, कुल्लू में दर्दनाक हादसा, चालक की मौके पर मौत

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां नित्थर-कोयल-बायल मार्ग पर बुधवार देर रात एक कार गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दूनी चंद (40 वर्ष) निवासी गांव शोचा देहरा, पंचायत नित्थर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार दूनी चंद पटेल इंजीनियरिंग लूहरी हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट में चालक के पद पर कार्यरत थे। बुधवार रात वह अपनी हुंडई कार (HP 35AA 0685) से जा रहे थे, तभी जीरो प्वाइंट के पास गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। कार कई बार पलटते हुए नीचे लुढ़की और अंत में एक चीड़ के पेड़ में जाकर फंस गई। हादसा इतना भयावह था कि चालक का शव गाड़ी से काफी दूर जा गिरा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। खाई से शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल निरमंड पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया।

डीएसपी आनी राजीव मेहता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!