जिला कुल्लू के भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सरसाड़ी के पास चौंग रोड जीरो प्वाइंट के समीप एक आई-20 कार अनियंत्रित होकर सीधे पार्वती नदी में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रिंस सूद (26) निवासी कसोल के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह करीब 9:45 बजे वह अपनी कार से कसोल से भुंतर की ओर जा रहा था। सरसाड़ी के पास पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिरते हुए पार्वती नदी के बर्फीले पानी में समा गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और परिजन मौके पर पहुंच गए। नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया और सड़क तक पहुंचाया गया। दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना तकनीकी खराबी के कारण हुई या किसी मानवीय भूल की वजह से। इस हादसे ने एक परिवार को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!