Himachal: लाइक-कमेंट के चक्कर में बीच सड़क पर स्टंट, वीडियो बना पुलिस का हथियार, 18,500 का चालान

सोशल मीडिया पर चंद लाइक और कमेंट पाने की चाह में युवा किस हद तक जोखिम उठा रहे हैं, इसकी ताजा मिसाल किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर सामने आई है। सुंदरनगर के हराबाग क्षेत्र में एक ऑल्टो कार चालक ने अपनी और दूसरों की जान को खतरे में डालते हुए बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट किए। यह लापरवाही उस वक्त भारी पड़ गई जब उसी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और पुलिस के लिए कार्रवाई का आधार बन गया।

बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने स्टंटबाजी करते कार सवार का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैलते ही मंडी पुलिस हरकत में आ गई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी गई।

जांच के बाद यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने कार चालक का 18,500 रुपये का भारी जुर्माना काटा है। इसके साथ ही पुलिस अब वाहन चालक की पुख्ता पहचान करने में जुटी है, ताकि मामले में अन्य कानूनी धाराएं भी जोड़ी जा सकें। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सार्वजनिक सड़कों को रेसिंग ट्रैक समझने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए मंडी की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाहत में कानून तोड़ना युवाओं को महंगा पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे डिजिटल लोकप्रियता के लिए अपनी और दूसरों की जान को जोखिम में न डालें।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!