धर्मशाला, 15 नवंबर। उत्कर्ष अभियान के तहत पालमपुर उपमंडल की राख पंचायत में आज जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इस मौके पर लोगों को सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एडीएम कांगड़ा शिल्पी वेक्टा रहीं। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर जनजातीय समाज के योगदान को नमन करते हुए कहा कि सरकार लगातार जनजातीय समुदाय के उत्थान और विकास को लेकर गंभीर प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सटीक और समयबद्ध तरीके से पहुंचे, इसके लिए प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
उत्कर्ष अभियान—16 पंचायतें, 19 जनजातीय गांव शामिल
एडीएम शिल्पी वेक्टा ने जानकारी दी कि कांगड़ा जिला में उत्कर्ष अभियान के तहत 6 ब्लॉक, 16 पंचायतें, और 19 जनजातीय गांवों को शामिल किया गया है।

सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि इन गांवों में सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए।
यह जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभों से वंचित न रहे।
प्रदर्शनियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाया आकर्षण
कार्यक्रम में बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला रेड क्रॉस सोसाइटी सहित कई विभागों ने अपनी विकासात्मक प्रदर्शनियां लगाईं।

स्थानीय बच्चों और सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
स्थानीय मुद्दों को सुनकर दिए समाधान के आश्वासन
राख पंचायत की प्रधान अनु कुमारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए पंचायत में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की और स्वच्छता व नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण अभियानों पर जोर दिया।
एडीएम ने मौके पर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में जिला परियोजना अधिकारी आलोक धवन, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!