Shimla: कैथू जेल से फरार कैदी को 24 घंटे में पकड़ने वाले दो वार्डर बने हीरो, बहादुरी पर मिला बड़ा सम्मान

जिला कारागार कैथू (शिमला) से फरार हुए एक खतरनाक कैदी को महज 24 घंटे के भीतर पकड़ने वाले दो जेल वार्डरों को उनकी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए सम्मानित किया गया है। कारागार एवं सुधार सेवाएं हिमाचल प्रदेश के महानिदेशक अभिषेक त्रिवेदी ने वार्डर दिनेश कुमार और वार्डर संदीप कुमार को उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किया और उनके साहस की सराहना की।

जानकारी के अनुसार 1 नवम्बर 2024 को आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक कैदी कैथू जेल से फरार हो गया था। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई। मामले की गंभीरता को समझते हुए वार्डर दिनेश कुमार और संदीप कुमार ने तुरंत सर्च अभियान शुरू किया और बिना समय गंवाए फरार कैदी की तलाश में जुट गए।

दोनों वार्डरों की मुस्तैदी, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते फरार कैदी को 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी इस बहादुरी से न केवल एक खतरनाक अपराधी दोबारा सलाखों के पीछे पहुंचा, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर पैदा हुआ संभावित खतरा भी टल गया। इस कार्रवाई को विभाग ने एक बड़ी सफलता माना है।

महानिदेशक द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार वार्डर दिनेश कुमार और संदीप कुमार को डायरैक्टर जनरल कमेंडेशन सर्टिफिकेट क्लास-1 से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही दोनों कर्मचारियों को 300-300 रुपए की नकद प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई। विभाग ने दोनों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और जिम्मेदारी की भावना की सराहना करते हुए इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!