हिमाचल प्रदेश के ज्वालामुखी क्षेत्र के गांव कोपड़ा में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक महिला पर उसके ही जेठ ने सरेराह हमला कर दिया। राहत की बात यह रही कि उसी समय वहां से गुजर रही एक निजी बस के चालक और यात्रियों की तत्परता से महिला को गंभीर हमले से बचा लिया गया। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पीड़िता संगीता कुमारी, पत्नी सुभाष चंद और निवासी कोपड़ा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब 8.30 बजे उसका जेठ अमृत लाल पुत्र गौतम चंद ने रास्ते में उसे रोक लिया। आरोप है कि आरोपी ने अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और गाली-गलौच करने लगा। महिला के अनुसार हमला पूरी तरह अचानक और बिना किसी उकसावे के किया गया।
इसी दौरान सड़क से गुजर रही एक निजी बस के चालक की नजर सड़क किनारे हो रहे हंगामे पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता समझते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी। इसके बाद बस में सवार यात्री नीचे उतरे और मिलकर महिला को बचाया तथा आरोपी को वहां से दूर किया। इस दौरान बस में मौजूद एक यात्री ने घटना का वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया। वीडियो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया।
महिला की शिकायत के आधार पर थाना ज्वालामुखी में आरोपी अमृत लाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना में घायल हुई महिला का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नादौन में कराया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी ज्वालामुखी आरपी जसवाल ने कहा कि विवाद घरेलू प्रतीत होता है, लेकिन महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने यह भी बताया कि वायरल वीडियो को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया जा रहा है। साथ ही पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!