भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने साफ शब्दों में कहा है कि देश घुसपैठियों के सहारे नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्त नागरिकों के साथ आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इसका स्पष्ट संदेश बिहार विधानसभा चुनाव से मिल चुका है। शिमला के पीटरहॉफ ग्राउंड में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि पहले केंद्र सरकार एक परिवार और एक मजहब तक सीमित होकर रह जाती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस राजनीतिक संस्कृति को पूरी तरह बदल दिया गया है।
जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी ने वंदे मातरम के साथ आजादी के मूल भाव को भी खंडित किया, जबकि भाजपा ने देश को आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति की दिशा और दशा बदल दी है, यही कारण है कि बार-बार राज्यों में एनडीए और भाजपा की सरकारें बन रही हैं। भाजपा विकसित भारत की सोच के साथ आगे बढ़ रही है और मोदी सरकार एक जिम्मेदार सरकार है, जो जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड रखती है।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने केंद्र से मिली धनराशि का दुरुपयोग किया है। जेपी नड्डा ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में जीत के बाद अब पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश की बारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल सिर्फ सत्ता की लालसा में डूबे हुए हैं, जबकि भाजपा एक स्पष्ट विचारधारा वाली पार्टी है।
जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए पिछले लोकसभा चुनाव में अपनी विचारधारा से 180 डिग्री का यू-टर्न लिया, लेकिन देश की जनता ने उसे नकार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया और अब बिहार के सीतामढ़ी में 890 करोड़ रुपये की लागत से माता सीता के मंदिर निर्माण का संकल्प लिया है।
वक्फ बोर्ड पर बोलते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि यह व्यवस्था देश और मुस्लिम समुदाय दोनों के लिए गलत थी, इसलिए इसमें सुधार किए गए। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के हितों को ध्यान में रखते हुए बदलाव किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश सहित कई मुस्लिम देशों में तीन तलाक की प्रथा नहीं है, लेकिन धर्मनिरपेक्ष भारत में इसे मोदी सरकार ने समाप्त किया। साथ ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर देश में एकरूपता लाई गई।
जेपी नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 से 2025 के बीच आपदाओं से निपटने के लिए हिमाचल प्रदेश को 3,789 करोड़ रुपये दिए हैं, इसके बावजूद राज्य सरकार केंद्र से सहयोग न मिलने का आरोप लगाती रहती है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार इस समय कई योजनाओं में 90 प्रतिशत तक की हिस्सेदारी दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने 15वें वित्त आयोग की ओर से मिली राशि का अब तक सिर्फ 50 प्रतिशत ही खर्च किया है, जबकि आयोग का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो रहा है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल में बल्क ड्रग पार्क के निर्माण के लिए 225 करोड़ रुपये जारी किए, लेकिन अब तक केवल 52 करोड़ रुपये ही खर्च किए गए हैं। एम्स, मेडिकल कॉलेज और अन्य बड़े संस्थान केंद्र सरकार की देन हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 1,422 करोड़ रुपये का जायका प्रोजेक्ट भी केंद्र ने मंजूर किया है, जिसमें 90 प्रतिशत हिस्सेदारी केंद्र की होगी।
जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री की अपने मंत्रियों से नहीं बन रही है और राज्य में एक तरह की एडहॉक सरकार चल रही है। उन्होंने कहा कि ट्रेजरी बंद है, आपसी कलह चरम पर है और सिर्फ चहेतों के ही काम हो रहे हैं। कांग्रेस सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया गया।
अपने संबोधन के अंत में जेपी नड्डा ने कहा कि भाजपा कार्यालय संस्कार के केंद्र होते हैं, जहां राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है। उन्होंने पार्टी संगठन के पांच स्तंभों—कार्यकर्ता, कार्यक्रम, कार्यकारिणी, कोष और कार्यालय—पर जोर दिया और कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब डबल इंजन की सरकार बननी चाहिए, ताकि केंद्र सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ प्रदेश तक पहुंच सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!