Kangra: इंदौरा में चिट्टे पर सख्त वार, विधायक मलेंद्र राजन का ऐलान—नशे के खिलाफ छेड़ा जाएगा बड़ा जनआंदोलन

इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में चिट्टे जैसे घातक नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विधायक मलेंद्र राजन ने स्पष्ट कर दिया है कि इस अवैध कारोबार पर अब किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं होगा। मंगलवार को वन विश्रामगृह इंदौरा में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि इंदौरा क्षेत्र में चिट्टे के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति लागू की जाएगी और नशे के धंधे से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है, लेकिन नशे के खिलाफ इस लड़ाई में समाज की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता नशे के कारोबार में पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि इस अभियान को और मजबूत बनाने के लिए पूर्व सैनिकों का सहयोग भी लिया जाएगा, ताकि समाज में अनुशासन और निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके। विधायक ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ यह लड़ाई किसी एक दल की नहीं, बल्कि पूरे समाज की है और इसे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लड़ना होगा।

विधायक मलेंद्र राजन ने विपक्ष से भी अपील करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन नशे के खिलाफ इस अभियान में सभी दलों को एकजुट होकर आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और आम जनता के सामूहिक सहयोग से ही इस समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

उन्होंने दो टूक कहा कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर ‘पीला पंजा’ चलाने से कोई गुरेज नहीं किया जाएगा और चिट्टे के मामलों में किसी भी प्रकार की सिफारिश को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने चेताया कि यदि किसी नशा निवारण केंद्र में अवैध गतिविधियां पाई जाती हैं तो वहां भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विधायक ने कहा कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में चिट्टे के खिलाफ एक व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस लड़ाई में प्रशासन का पूरा सहयोग करें और समाज को इस विनाशकारी नशे से मुक्त कराने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!