Kangra: इंदौरा में सड़क विकास पर विधायक मलेंद्र राजन सख्त, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए काम में तेजी के निर्देश

इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली और साफ शब्दों में कहा कि किसी भी परियोजना में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय गुणवत्ता मानकों के अनुसार और निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं, ताकि आम लोगों को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।

समीक्षा के दौरान विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से सड़कों के उन्नयन का काम किया जा रहा है। इनमें मिलवा से बरोटा, इंदौरा से काठगढ़, मकड़ोली से झंगराड़ा, घडरां से रैहन, गंगथ से घेटा और मंदोली टप्पा रोड जैसी प्रमुख सड़क परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने इन सभी सड़कों के निर्माण कार्यों की गति और गुणवत्ता पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधाएं मिल सकें।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इंदौरा क्षेत्र में सड़कों के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर कोताही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मलेंद्र राजन ने क्षेत्र की जनता से भी अपील की कि वे विकास कार्यों पर नजर रखें और किसी भी कमी की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। बैठक में एक्सईएन पीडब्ल्यूडी दीपक महाजन, एसडीओ पीडब्ल्यूडी सिकंदर और हरीश सहित विभाग के सभी कनिष्ठ अभियंता मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!