इंदौरा वन रेंज के अंतर्गत आने वाली मंगवाल बीट में वन माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि जंगलों में बड़े पैमाने पर हरे पेड़ों का अवैध कटान खुलेआम किया जा रहा है। सामने आए गंभीर मामले के अनुसार अब तक 50 से 100 बेशकीमती हरे पेड़ों को काटा जा चुका है। हैरानी की बात यह है कि यह अवैध गतिविधि पिछले करीब एक महीने से लगातार जारी है, लेकिन वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी।

मामले की गंभीरता उस समय और बढ़ गई जब पंजाब केसरी की टीम मौके पर कवरेज के लिए पहुंची। जंगल में लकड़ी काट रहे कथित तस्कर मीडिया को देखते ही अपने औजार और सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए। तस्करों का इस तरह भागना इस बात की साफ पुष्टि करता है कि क्षेत्र में अवैध कटान का खेल लंबे समय से चल रहा था।
इतने बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध कटान को लेकर अधिकारियों के बयानों में भी विरोधाभास देखने को मिला। मंगवाल ब्लॉक के अधिकारी रणधीर कुमार ने दावा किया कि उन्हें इस कटान की कोई जानकारी नहीं थी। वहीं, मामले की सूचना मिलते ही नूरपुर वन मंडल अधिकारी संदीप कोहली हरकत में आए और उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर तत्काल जांच करने के सख्त निर्देश जारी किए।

जंगल से 50 से 100 हरे पेड़ों का कटना किसी एक दिन का काम नहीं है। यह घटना वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही या मिलीभगत के बिना इतना बड़ा अवैध कटान संभव नहीं है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई होती है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाता है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!