शीतकालीन ओलिम्पिक 2026 में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम इटली रवाना हो गई है। 6 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक इटली के मिलानो कोर्टीना में आयोजित होने जा रहे इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन में भारत की पांच सदस्यीय टीम देश का प्रतिनिधित्व करेगी। इस टीम की खास बात यह है कि इसमें मनाली से जुड़े तीन सदस्य शामिल हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
टीम प्रभारी और आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय दल में खिलाड़ी आरिफ खान के साथ कोच लुदर ठाकुर, कोच रोशन ठाकुर और कोच गुल मुस्तफा शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मनाली के लुदर ठाकुर दूसरी बार कोच के रूप में ओलिम्पिक में भाग लेने जा रहे हैं, जबकि भारतीय खिलाड़ी आरिफ खान भी लगातार दूसरी बार ओलिम्पिक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
अमिताभ शर्मा ने बताया कि 2026 शीतकालीन ओलिम्पिक का आयोजन इटली के मिलानो कोर्टीना में 6 फरवरी से 22 फरवरी तक किया जा रहा है। ओलिम्पिक का उद्घाटन 6 फरवरी को सैन सिरो स्टेडियम में होगा। भारतीय टीम को इस बार भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है और खिलाड़ी आरिफ खान से देश को पदक की आस रहेगी।
मनाली से जुड़े तीन सदस्यों की ओलिम्पिक टीम में मौजूदगी ने न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में भारतीय टीम को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!