हिमाचल प्रदेश के देहरा वन मंडल के तहत आने वाले खैरियां गांव में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आम की लकड़ी से लदी एक पिकअप गाड़ी को जब्त किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसमें प्रतिबंधित लकड़ी को कब्जे में लिया गया। बताया जा रहा है कि जैसे ही वन विभाग को इस अवैध कटान और लकड़ी की ढुलाई की जानकारी मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई।
सूत्रों के अनुसार, विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही इसमें शामिल लोग चालाकी दिखाते हुए गाड़ी को खाली करने लगे और आम के मौछे उतारने शुरू कर दिए। हालांकि जल्दबाजी में कुछ मौछे गाड़ी के अंदर ही रह गए, जिसके आधार पर वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन को जब्त कर लिया और उसमें मौजूद लकड़ी को भी कब्जे में ले लिया। वन परिक्षेत्र अधिकारी (बीओ) पवन कुमार ने बताया कि उन्हें शाम करीब 7 बजे इस बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद वह अपनी टीम, जिसमें वन रक्षक श्याम लाल और गोपाल सिंह शामिल थे, के साथ मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस मामले में वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि यह पेड़ किसकी जमीन से काटे गए थे। देहरा वन मंडल के डीएफओ सन्नी वर्मा ने बताया कि अवैध कटान के मामले में संबंधित जमीन के मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे ठेकेदारों के झांसे में न आएं, क्योंकि हिमाचल प्रदेश सरकार ने सफेदा, पॉपुलर, जापानी तूत, बांस और लूसीनिया को छोड़कर अन्य सभी प्रजातियों के पेड़ों की कटाई पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति पेड़ कटवाने पर ठेकेदार या वाहन चालक के साथ-साथ जमीन के मालिक के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!