Una: अम्ब के जंगलों में वन माफिया की बड़ी साजिश उजागर, सबूत मिटाने को 35 खैर के पेड़ जड़ों से उखाड़े

अम्ब से सटे परम्ब क्षेत्र के जंगलों में सामने आए अवैध खैर कटान के मामले ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने अब कटे हुए पेड़ों की गिनती शुरू कर दी है। जंगल में की गई गहन जांच के दौरान कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि एक संगठित गिरोह ने निजी जंगल में बड़े पैमाने पर खैर के पेड़ों की अवैध कटाई करने के बाद सबूत मिटाने के मकसद से करीब 35 खैर के पेड़ों को जड़ों सहित उखाड़ डाला।

इतना ही नहीं, इससे सटे लोहारा रेंज के सरकारी जंगल में भी 3 से 4 खैर के पेड़ ऐसे मिले हैं, जिन्हें काटने के बाद जड़ों सहित उखाड़ा गया है। यह पूरी कार्रवाई वन अधिनियम और नियमों की खुली अवहेलना को दर्शाती है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर शाम गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर वन रेंज अधिकारी राहुल ठाकुर के नेतृत्व में वन विभाग की विशेष टीम ने जंगल में सर्च अभियान चलाया था।

सर्च ऑपरेशन के दौरान जंगल से लाखों रुपये मूल्य की अवैध खैर की लकड़ी बरामद की गई। इसके साथ ही मौके पर कश्मीरी लेबर के अस्थायी ठिकानों का भी खुलासा हुआ, जिससे यह संकेत मिला है कि यह गिरोह लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय था। जिस स्थान पर अवैध कटान किया गया है, वह वन रेंज अम्ब और वन रेंज लोहारा की सीमा से सटा हुआ इलाका है। सीमावर्ती क्षेत्र का फायदा उठाकर गिरोह काफी समय से जंगलों को निशाना बना रहा था।

पुलिस में दर्ज करवाई गई शिकायत

वन परिक्षेत्र अधिकारी राहुल ठाकुर ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर खैर के पेड़ों को कटान के बाद जड़ से उखाड़ना आसान नहीं होता, लेकिन वन काटुओं ने सबूत नष्ट करने की नीयत से पूरे इलाके को समतल करने का प्रयास किया। पकड़ी गई अवैध लकड़ी को जब्त कर लिया गया है और अवैध वन कटान में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!