Himachal: UPSC में हिमाचल के युवाओं का कमाल: CM सुक्खू ने दी बधाई, नाहन की निधि चौधरी समेत इन प्रतिभाओं ने बढ़ाया प्रदेश का मान

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले सभी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है कि राज्य के कई युवाओं ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया है और देवभूमि का नाम पूरे देश में रोशन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरमौर जिले के नाहन की निधि चौधरी ने सिविल सेवा परीक्षा में 466वीं रैंक हासिल की है, जबकि सुशांत चौहान ने 659वीं रैंक प्राप्त की। इसके अलावा धर्मशाला के आदित्य धीमान ने 753वीं रैंक हासिल की है। वहीं बिलासपुर जिले के घुमारवीं निवासी जितेंद्र चंदेल ने 804वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हिमाचल प्रदेश पुलिस में तैनात कांगड़ा जिले के नूरपुर के इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने 844वीं रैंक हासिल कर प्रदेश की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ा है।

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में हिमाचल प्रदेश के युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ती रहे और वे भविष्य में भी इसी तरह सफलता हासिल करते रहें। मुख्यमंत्री ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक मंगलकामनाएँ दीं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!