प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए 14 नायब तहसीलदारों को पदोन्नत कर तहसीलदार बना दिया है। इस संबंध में सरकार की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। पदोन्नति सूची में शामिल नामों ने विभागीय हलकों में खासा ध्यान खींचा है, क्योंकि इसमें दो ऐसे अधिकारी भी शामिल हैं जो पहले ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
अधिसूचना के अनुसार मदन लाल और देश राज को सेवानिवृत्ति के बाद तहसीलदार पद पर पदोन्नति दी गई है। इसके अलावा जिन नायब तहसीलदारों को पदोन्नत किया गया है, उनमें राजन कुमार, विजय कुमार, कश्मीर सिंह, प्रकाश चंद, देवेंद्र कुमार, भूपिन्द्र सिंह, इंद्र पाल, पी. चंद, संजीव कुमार, हीरा लाल, जय चंद और विकास कुमार के नाम शामिल हैं।
पदोन्नति के साथ ही सरकार ने 11 नए तहसीलदारों को नई तैनाती भी दे दी है। जारी आदेशों के तहत राजन कुमार को बड़सर, विजय कुमार को जुब्बल, कश्मीर सिंह को संगड़ाह, प्रकाश चंद को कांगड़ा, देवेंद्र कुमार को निचार, भूपेन्द्र सिंह को चंबा, इंद्र पाल को पांगी, पी. चंद को मूरंग, संजीव कुमार को मंडी, हीरा लाल को करसोग और विकास कुमार को केलांग तहसील में नियुक्त किया गया है।
सरकारी आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नत अधिकारियों में से जय चंद के नियुक्ति आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। जिन अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है, उन्हें संबंधित उपायुक्त के माध्यम से राजस्व विभाग को अपनी ज्वाइनिंग रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!