हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जिस पानी को लेकर पंजाब और हरियाणा के बीच विवाद खड़ा हुआ है, उस पानी के लिए हिमाचल प्रदेश के लोगों ने अपनी ज़मीन खोई है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी में हिमाचल प्रदेश अपनी हिस्सेदारी की बात करता है, जिसमें प्रदेश को 7.19 प्रतिशत रॉयल्टी दी जाती है। हालांकि, पॉलिसी के अनुसार हिमाचल को बिजली पर 12 प्रतिशत रॉयल्टी मिलनी चाहिए।
सुक्खू ने यह भी कहा कि पंजाब और हरियाणा हिमाचल प्रदेश के भाई हैं और दोनों राज्यों को पानी के विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाना चाहिए। उन्होंने दोनों राज्यों से यह भी आग्रह किया कि वे हिमाचल प्रदेश के अधिकारों के बारे में सोचें, क्योंकि कभी-कभी वे हमारे खिलाफ खड़े हो जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा की और कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कृत्य की निंदा करती है। उन्होंने यह भी बताया कि राहुल गांधी के निर्देशानुसार कांग्रेस पार्टी प्रधानमंत्री के प्रत्येक निर्णय के साथ खड़ी रहेगी।
सुक्खू ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस के दो प्रधानमंत्री, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी, और एक मुख्यमंत्री, बेअंत सिंह, ने देश के लिए अपनी जान दी है। भाजपा आज उसी कांग्रेस का अपमान कर रही है, जिसने देश की उन्नति के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए, जैसे भाखड़ा बांध का निर्माण और बड़े उद्योगों की नींव रखना।
उन्होंने चूड़धार मंदिर जाने के लिए हिमाचल प्रदेश के लोगों पर कोई टैक्स न लगाने की घोषणा की। हालांकि, कोर्ट के निर्देशानुसार, कुछ इको टूरिज्म शुल्क लिया जा सकता है ताकि वहां फैल रहे प्लास्टिक और कचरे को निपटाया जा सके।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!