Bilaspur: हिमाचल-पंजाब सीमा पर भीषण हादसा: एक की मौत, चार गंभीर घायल, टक्कर के बाद फरार हुआ वाहन

रविवार को हिमाचल प्रदेश और पंजाब की सीमा पर स्थित टोल प्लाजा के पास एक भीषण सड़क हादसा पेश आया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर उस समय हुई जब एक कार को पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे। टक्कर लगते ही एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि अन्य चार को गंभीर चोटें आईं। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया और उसकी कोई जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ पाई है।

स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना मिलते ही तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी गंभीर रूप से घायलों को चंडीगढ़ के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग हरियाणा के निवासी थे और छुट्टियां मनाने के लिए कुल्लू-मनाली की ओर जा रहे थे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!