Himachal: हिमाचल के चार हॉकी खिलाड़ी सीधे सेना में शामिल—खेल मैदान से भारतीय सेना तक पहुंची युवा प्रतिभाओं की बड़ी छलांग

हिमाचल प्रदेश के खेल मैदान एक बार फिर प्रतिभा और मेहनत की नई मिसाल बनकर सामने आए हैं। ऊना स्थित खेल छात्रावास के चार युवा हॉकी खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन और अनुशासन के दम पर भारतीय सेना में जगह बना ली है। स्पोर्ट्स कोटे के तहत इन खिलाड़ियों का चयन सेना की प्रतिष्ठित पंजाब रेजिमेंट में हुआ है, जहां उन्होंने रांची में अपनी ज्वाइनिंग दे दी है।

हॉकी कोच आशीष सेन ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों में ऊना के दलजीत सिंह, गोंदपुर बनेहड़ा के तनिश कुमार, सोलन जिले के नालागढ़ निवासी धीरज कुमार और मंडी जिले के सुंदरनगर निवासी अभिषेक वर्मा शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी वर्ष 2021 में ऊना खेल छात्रावास में चयनित हुए थे और पिछले कुछ वर्षों में कई राष्ट्रीय और अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का दमदार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

हाल ही में आयोजित अंतर-महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में इन्होंने प्रथम स्थान हासिल किया, जिसने इन्हें सेना तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी सफलता के पीछे कोच आशीष सेन का अनुशासन, कठोर परिश्रम और लगातार मार्गदर्शन रहा है। वर्ष 2016 से ऊना में सेवाएं दे रहे आशीष सेन कई खिलाड़ियों को सेना, पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में पहुँचाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं।

कोच आशीष सेन ने कहा कि यह पल न केवल खिलाड़ियों और उनके परिवारों बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का है। उन्होंने यह भी कहा कि इन युवाओं ने साबित किया है कि खेल केवल मैदान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह करियर निर्माण और भविष्य संवारने का एक मजबूत जरिया भी है। यह उपलब्धि दिखाती है कि हिमाचल का युवा जब सही मार्गदर्शन और प्लेटफॉर्म पाता है, तो किसी भी क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू सकता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!