गुणात्मक शिक्षा को मिल रही प्राथमिकता: केवल पठानिया
इसरो वैज्ञानिक रजत अवस्थी की मौजूदगी ने बनाया कार्यक्रम यादगार
शाहपुर, 5 मार्च: प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के साथ रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है। यह बात उपमुख्य सचेतक केवल पठानिया ने राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। उन्होंने कहा कि सरकार की इन पहलों से शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं।
उन्होंने प्राध्यापकों से आह्वान किया कि वे छात्रों का सही मार्गदर्शन करें, क्योंकि उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। पठानिया ने “मेरे शहर के 100 रत्न” कार्यक्रम का जिक्र करते हुए बताया कि हर विधानसभा क्षेत्र के 100 छात्रों को चिन्हित कर उन्हें निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज का दौर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का है, और शाहपुर के तीनों महाविद्यालयों के इच्छुक छात्रों को उनकी वार्षिक परीक्षा के बाद एआई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पठानिया ने इसरो वैज्ञानिक रजत अवस्थी को मुख्यमंत्री से मिलवाने की बात कही, क्योंकि वह चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग में शामिल रहे हैं, जो हिमाचल के लिए गर्व की बात है। इसके अलावा, उन्होंने भनाला के रजत कुमार को सीडीएस परीक्षा में टॉप करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि शाहपुर महाविद्यालय में बैचलर ऑफ वोकेशन और पीजीडीसीए की कक्षाएं शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री से अनुरोध किया जाएगा।
रजत अवस्थी बोले: हिमाचल में एआई के लिए अनुकूल माहौल
कार्यक्रम में केवल पठानिया के विशेष आग्रह पर इसरो वैज्ञानिक रजत अवस्थी अपने माता-पिता डीआर अवस्थी और कमलेश अवस्थी के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में एआई से संबंधित संस्थान खोलने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए कहा कि छात्र JIS एप्लिकेशन सीखकर देश की सीमाओं के प्रहरी बन सकते हैं।
रजत अवस्थी ने उपमुख्य सचेतक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चंद्रयान-3 की सफल लॉन्चिंग के तीन मिनट बाद उन्हें सबसे पहले केवल पठानिया ने बधाई दी थी। इस अवसर पर केवल पठानिया ने रजत अवस्थी और उनके माता-पिता को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने विभिन्न शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य विश्वजीत चौधरी ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया और वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कॉलेज की विभिन्न आवश्यकताओं को भी उनके समक्ष रखा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने कृष्ण लीला, जातर नृत्य, पहाड़ी, पंजाबी और नाटी प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीडी शर्मा, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, प्रधान सिहवां अजय बबली, प्रधान मंजग्रां अरुणा, उत्तम चंबियाल, पूर्व प्रधान कमल कटोच, मनीष पटियाल, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के प्राचार्य राकेश पठानिया, लंज के संजय शर्मा, रिडकमार के युवराज, सीयू के निदेशक भाग सिंह, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, सुरेंद्र अत्री, आईटीआई शाहपुर के प्रधानाचार्य चैन सिंह, सहायक अभियंता विद्युत विक्रम शर्मा, नायब तहसीलदार राजिंद्र पठानिया, जेई ऋषभ, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी, अन्य गणमान्य नागरिक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!