Solan: GST चोरी का बड़ा शक, सोलन-धर्मपुर में बिल्डर कंपनी पर विभाग की ताबड़तोड़ रेड, दस्तावेजों में मिलीं अहम गड़बड़ियां

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने जीएसटी चोरी के शक में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बिल्डर कंपनी के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। विभाग के प्रवर्तन विंग ने धर्मपुर और सोलन स्थित कंपनी के कार्यालयों में एक साथ दबिश दी, जिससे निर्माण क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह कार्रवाई राज्य कर एवं आबकारी विभाग के अतिरिक्त आयुक्त (प्रवर्तन विंग) उज्ज्वल सिंह राणा के नेतृत्व में की जा रही है। इस ऑपरेशन में शिमला और सोलन जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हैं। विभाग की टीम ने सुबह होते ही धर्मपुर स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने कंपनी के रिकॉर्ड और जीएसटी से जुड़ी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की गहन जांच शुरू की। धर्मपुर कार्यालय की जांच के दौरान अधिकारियों को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले, जिनमें अनियमितताओं के संकेत मिले और इनके तार सोलन स्थित कार्यालय से जुड़े पाए गए। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए विभाग की दूसरी टीम ने सोलन स्थित कंपनी के कार्यालय में भी रेड की। जानकारी के अनुसार, जिस बिल्डर कंपनी पर कार्रवाई हुई है, वह धर्मपुर के पास एक आवासीय कॉलोनी का निर्माण कर रही है। निर्माण कार्य और वित्तीय लेन-देन में जीएसटी की बड़ी चोरी की आशंका जताई जा रही है।

फिलहाल विभाग ने आधिकारिक तौर पर यह खुलासा नहीं किया है कि अब तक कितनी जीएसटी चोरी पकड़ी गई है या जांच में कितनी बड़ी अनियमितताएं सामने आई हैं। सूत्रों के मुताबिक दस्तावेजों की संख्या काफी ज्यादा है और जांच का दायरा भी बड़ा है, जिसके चलते यह कार्रवाई देर रात तक जारी रह सकती है। विभाग की टीमें हर दस्तावेज और लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही हैं, जिससे आने वाले समय में इस मामले में बड़े खुलासे होने की संभावना है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!