Kangra: गंदड़ बाजार में चोरों का दुस्साहस, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के बाद ज्वैलरी शॉप से लाखों के जेवर उड़ा ले गए

पुलिस थाना लंबागांव के अंतर्गत गंदड़ बाजार में रविवार रात चोरों ने ताबड़तोड़ वारदात को अंजाम देते हुए दो अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। सबसे पहले चोरों ने गंदड़ स्थित आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी के दरवाजों के ताले तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि वहां उन्हें ज्यादा कुछ हाथ नहीं लगा और वे डॉक्टर का कोट और एक टॉर्च लेकर फरार हो गए।

इसके बाद चोरों ने बाजार में स्थित ठाकुर ज्वैलर्ज की दुकान को निशाना बनाया। यहां से चोर करीब 190 ग्राम सोना और 400 ग्राम चांदी के पुराने जेवरात चुरा ले गए। चोरों ने दुकान में रखी मुख्य सेफ को तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके।

वारदात को अंजाम देते समय चोरों ने दुकान के बाहर और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की तारें काट दीं। साथ ही पास की दुकान के बाहर लगा बिजली का बल्ब भी तोड़ दिया गया, ताकि पहचान न हो सके। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने दुकान के शटर से कोई छेड़छाड़ नहीं की। वे दुकान के पिछले हिस्से से खिड़की की जाली काटकर अंदर घुसे और फिर पीछे का दरवाजा खोलकर बीच के दरवाजे में मशीनी कुदालियों से छेद किया। इसके बाद वे सीधे काउंटर तक पहुंचे।

यह दुकान दूसरी मंजिल पर स्थित है, जबकि इसके नीचे के कमरों में बिहारी मूल के मजदूर किराए पर रहते हैं। इनमें से कुछ मजदूर सोमवार सुबह ही अपने घरों को लौट गए हैं, जिससे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। हालांकि दुकान का सीसीटीवी काटे जाने से पहले की फुटेज में रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर एक व्यक्ति शटर से सटकर कैमरे की ओर आता दिख रहा है, लेकिन उसने इतनी चालाकी से वारदात को अंजाम दिया कि उसका पूरा चेहरा कैमरे में कैद नहीं हो पाया।

दुकान के पास स्थित केसीसी बैंक की सीसीटीवी फुटेज में भी वारदात से करीब दो मिनट पहले दो लोग दुकान की ओर आते हुए दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने अच्छे कपड़े पहन रखे थे, मुंह ढका हुआ था और उनके हाथों में डंडे थे।

दुकान के मालिक राकेश सिंह चमेल ने बताया कि शादी का सीजन शुरू होने के कारण वह रविवार को भी रात करीब आठ बजे तक दुकान पर काम करके गए थे। सोमवार सुबह वह रोज की तुलना में थोड़ी देरी से दुकान पहुंचे। जैसे ही उन्होंने शटर खोला, अंदर का सामान बिखरा हुआ और दरवाजों की कुंडियां टूटी हुई देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस थाना लंबागांव में शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!