हिमाचल प्रदेश में गग्गल एयरपोर्ट और गगरेट क्षेत्र में हुए कथित बेनामी जमीन सौदों की जांच के लिए राज्य पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। इस एसआईटी की अगुवाई डीआईजी सौम्या सांबसिवन करेंगी। कांगड़ा और ऊना जिलों में विकास परियोजनाओं से जुड़े क्षेत्रों में संदिग्ध जमीन खरीद-फरोख्त और लेनदेन की सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है।
राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, एसआईटी में पुलिस मुख्यालय के एसपी रमन शर्मा, छठी आईआरबी के डीएसपी प्रताप ठाकुर और धर्मशाला साइबर क्राइम के निरीक्षक कमलेश को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। जांच दल का मुख्य फोकस गग्गल एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों और गगरेट में हुए जमीन के सौदों पर रहेगा। इन क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण और हस्तांतरण से जुड़े मामलों की गहराई से पड़ताल की जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं नियमों को दरकिनार कर लेनदेन तो नहीं किए गए।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि हिमाचल प्रदेश टेनेंसी एंड लैंड रिफॉर्म्स एक्ट 1972 की धारा 118 के तहत भूमि हस्तांतरण पर विशेष प्रावधान लागू हैं। यदि इन प्रावधानों का दुरुपयोग या कानूनी प्रक्रिया से बचने की कोशिश पाई गई तो उसकी निष्पक्ष और व्यापक जांच की जाएगी।
एसआईटी को तीन महीने के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही टीम हर सप्ताह अपनी प्रगति रिपोर्ट भी देगी, ताकि जांच समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ सके। पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह कदम कानून के पालन और जनता के विश्वास को बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कानूनी, आपराधिक या प्रशासनिक कार्रवाई की सिफारिश की जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!