हिमाचल प्रदेश के कोटखाई की रहने वाली डॉ. एतिका चौहान ने साहस और दृढ़ संकल्प की एक अनोखी मिसाल पेश की है। ब्रेन ट्यूमर और गंभीर दृष्टि कमजोरी जैसी कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से पीएचडी की डिग्री हासिल कर ली है। राज्य में दृष्टिबाधित लोगों में यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह चुनिंदा लोगों में शामिल हो गई हैं।
डॉ. एतिका चौहान वर्तमान में सरकारी बॉयज स्कूल मटियाना में राजनीतिक विज्ञान की प्रवक्ता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने “एनजीओ इंटरवेंशन एंड वीमेन एम्पावरमेंट: ए केस स्टडी ऑफ शिमला डिस्ट्रिक्ट” विषय पर अपना शोध कार्य पूरा किया। यह शोध उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग में प्रोफेसर अनुपमा कंवर के मार्गदर्शन में पूरा किया।
डॉ. एतिका का सफर आसान नहीं रहा। उन्हें चौथी कक्षा में ही ब्रेन ट्यूमर का पता चला था। इस बीमारी के कारण धीरे-धीरे उनकी आंखों की रोशनी भी कम होती चली गई। इलाज के लिए उन्हें कई बार सर्जरी करवानी पड़ी और पीजीआई चंडीगढ़ में नियमित जांच और उपचार भी चलता रहा। इसके बावजूद उनकी पढ़ाई कभी प्रभावित नहीं हुई और उन्होंने स्कूल से लेकर कॉलेज तक हर स्तर पर अच्छे अंक हासिल किए।
एतिका ने अपनी स्कूली शिक्षा जुब्बल और लक्कड़ बाजार से पूरी की। इसके बाद उन्होंने आरकेएमवी शिमला से बीए की पढ़ाई की और फिर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से ही मास्टर डिग्री और पीएचडी हासिल की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने ऑनलाइन संसाधनों, बड़े अक्षरों वाली अध्ययन सामग्री और मैग्नीफाइंग उपकरणों की मदद से अपनी पढ़ाई जारी रखी।
डॉ. एतिका अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शोध मार्गदर्शक प्रोफेसर अनुपमा कंवर, अपने दोस्तों और उमंग फाउंडेशन को देती हैं। उनका कहना है कि इन सभी के सहयोग से ही वह उच्च शिक्षा की चुनौतियों का सामना कर सकीं। उनके पिता जगदीश चौहान भारतीय स्टेट बैंक से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, जबकि उनकी माता रीता चौहान गृहिणी हैं।
डॉ. एतिका चौहान की यह यात्रा न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह उन युवाओं के लिए भी एक मजबूत संदेश है जो शारीरिक चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं। खासकर लड़कियों के लिए उनकी कहानी यह साबित करती है कि हौसला और मेहनत हो तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!