Kangra: रैत के द्रोणाचार्य कॉलेज में लगा रक्तदान शिविर, 60 यूनिट ब्लड जुटा, युवाओं ने दिखाया जोश

कांगड़ा के रैत स्थित द्रोणाचार्य शिक्षण स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रोटरेक्ट क्लब द्वारा रोटरी क्लब शाहपुर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि इंजीनियर सुरेश महाजन विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना की और युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान एक महान और पुनीत कार्य है, जो जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस शिविर में लगभग 60 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शिविर के सफल आयोजन में स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय के छात्रों, युवाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। वहीं शिवम् इंफोटेक शाहपुर की ओर से सभी स्वयंसेवकों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार जताया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।

इसी अवसर पर विश्व खुशी दिवस भी उत्साह के साथ मनाया गया। डॉ. श्रीकांत लगवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में खुश रहने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को तनावमुक्त रहने और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खुश रहना न केवल मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह सफलता की कुंजी भी है।

इस मौके पर महाविद्यालय के प्रबंधक निदेशक जीएस पठानिया, कार्यकारी निदेशक बीएस पठानिया, प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा, रोटरी क्लब शाहपुर के अध्यक्ष सतिंदर गौतम, रोटरेक्ट क्लब के अध्यक्ष अभिनव राणा, डॉ. मनीष शर्मा (टांडा मेडिकल कॉलेज), तन्वी, सचिव अशिता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!