दिल्ली की खराब हवा के बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इस वीडियो में एक युवक बेहद अनोखे अंदाज में हिमाचल प्रदेश की शुद्ध हवा को बोतलों में भरकर बेचता नजर आ रहा है। वह दिल्ली के कनॉट प्लेस में खड़े होकर लोगों को 50 रुपये में “पहाड़ों का अहसास” कराने का दावा करता है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और मनोरंजन भी ले रहे हैं।
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक हिमाचल की वादियों में प्लास्टिक की बोतलों और प्रेशर स्प्रेयर की मदद से हवा को कैद करता है। बोतलों पर “पहाड़ों की ताजी हवा” लिखा गया है। दिल्ली पहुंचने के बाद वह मजाकिया अंदाज में लोगों को आवाज लगाता है, “दिल्ली की गंदी हवा से परेशान हो? 50 रुपये में हिमाचल की शुद्ध हवा ले लो।”
इस अनोखे आइडिया को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। इंस्टाग्राम पर “deluxebhaiyaji” नाम के हैंडल से शेयर किए गए इस वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। वीडियो में कई लोग जिज्ञासा के चलते रुकते हैं और बोतल से हवा का स्प्रे लेकर उसका अनुभव करते हैं। कुछ लोगों ने इसे ताज़गी भरा बताया, जबकि कुछ ने इसे मजाकिया लेकिन क्रिएटिव तरीका कहा।
हालांकि यह तरीका मनोरंजन के लिए है, लेकिन यह दिल्ली की प्रदूषण समस्या पर एक हल्की-फुल्की टिप्पणी भी करता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कोई इसे “ट्रिप का खर्च निकालने का शानदार तरीका” बता रहा है, तो कोई मजाक में कह रहा है कि “अब धूप और बारिश भी बोतलों में बिकेगी।”
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!