Chamba: नए DSP शेर सिंह ने संभाला चुवाड़ी का जिम्मा, बोले– महिला सुरक्षा और नशा माफिया पर होगी सबसे सख्त कार्रवाई

उपमंडल पुलिस कार्यालय चुवाड़ी में मंगलवार को शेर सिंह ने नए डीएसपी के रूप में विधिवत कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद पंजाब केसरी से खास बातचीत में उन्होंने क्षेत्र के लिए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा सुनिश्चित करना और नशा माफियाओं पर सख्ती से कार्रवाई करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

डीएसपी शेर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाया जाएगा तथा यातायात नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि पुलिस का दायित्व सिर्फ अपराधियों को पकड़ना नहीं है, बल्कि आम लोगों के बीच विश्वास कायम करना भी उतना ही जरूरी है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि, खासकर नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी मिले, तो बिना झिझक पुलिस को सूचित करें। डीएसपी ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

महिला सुरक्षा को लेकर कड़ा संदेश देते हुए डीएसपी शेर सिंह ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे लोक-लाज या डर के कारण अत्याचार सहने के बजाय सीधे पुलिस से संपर्क करें, ताकि समय पर उन्हें न्याय मिल सके।

डीएसपी शेर सिंह मूल रूप से जिला मंडी के सरकाघाट के रहने वाले हैं और एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखते हैं। बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रहे शेर सिंह के मन में पुलिस सेवा के जरिए जनसेवा करने का जुनून था। वर्ष 2008 में उनका चयन सब इंस्पेक्टर के पद पर हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस ट्रेनिंग सेंटर डरोह में प्रशिक्षण लिया।

इसके बाद उन्होंने बद्दी, कुल्लू और बिलासपुर में बतौर सब इंस्पेक्टर सेवाएं दीं। प्रमोशन के बाद वे कुल्लू और घुमारवीं में थाना प्रभारी भी रहे। वर्ष 2020 में डीएसपी बनने के बाद उनकी तैनाती सलूणी, नयनादेवी और 5वीं आईआरबी बस्सी में रही।

डीएसपी शेर सिंह ने कहा कि वे आम आदमी की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए हर समय तत्पर रहेंगे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!