Chamba: चंबा में चिट्टा केस का बड़ा खुलासा? मां-बेटी-बेटा की गिरफ्तारी के बाद अब 18 से ज्यादा युवक पुलिस रडार पर

चंबा शहर के सुलतानपुर मोहल्ले में मां, बेटा और बेटी की गिरफ्तारी के साथ पकड़े गए 20.65 ग्राम चिट्टे के मामले ने अब बड़ा मोड़ ले लिया है। पुलिस ने इस केस की कड़ियों को जोड़ने के लिए 18 से अधिक युवकों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। इनके मोबाइल डेटा, बैंक ट्रांजैक्शन और लोकेशन हिस्ट्री की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके। हालांकि अब तक पूछताछ में कोई बड़ा सुराग नहीं मिला है, लेकिन पुलिस कई अहम लिंक तलाश रही है।

इस केस में गिरफ्तार आरोपियों से बरामद हुए 2,33,377 रुपये नकद, 14 मोबाइल फोन, 4 क्यूआर कोड, पेपर फॉइल, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और इंजेक्शन ने पुलिस को तस्करी के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा दिया है। यही वजह है कि साइबर सेल को भी अलर्ट मोड पर ला दिया गया है। नशा तस्करी से जुड़े लेन-देन, संपर्कों और सप्लाई चेन को समझने के लिए बरामद मोबाइल और बैंक खातों का डिजिटल विश्लेषण तेज कर दिया गया है।

शक जताया जा रहा है कि चिट्टे की सप्लाई और वितरण में कई स्थानीय युवक सक्रिय थे। जिस कारण पुलिस हर कड़ी को जोड़ते हुए नेटवर्क का पूरा खुलासा करने में जुटी है। गौरतलब है कि 22 नवंबर को पुलिस ने सुल्तानपुर के एक घर से 20.65 ग्राम चिट्टा बरामद किया था, साथ ही लाखों की नकदी, आभूषण और कई इलेक्ट्रॉनिक सामान भी मिला था। इसके बाद मां, बेटी और बेटे को गिरफ्तार किया गया था। तीनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है और सुल्तानपुर में मिली सफलता उसी का परिणाम है। उन्होंने बताया कि 18 से अधिक युवकों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में कुछ बड़े खुलासे होने की संभावना है। पुलिस का लक्ष्य है कि इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाए।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!