हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में प्रशासन और चाइल्ड हैल्पलाइन की सतर्कता के कारण एक नाबालिग लड़की की शादी को रोक दिया गया। यह घटना चुराह उपमंडल में बुधवार शाम को हुई, जब बारात पहुंचने ही वाली थी।
सूचना मिली कि 16 वर्ष 11 महीने की नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही है। चाइल्ड हैल्पलाइन समन्वयक कपिल शर्मा ने तुरंत सीडीपीओ तीसा को मामले से अवगत कराया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और शादी को रुकवा दिया।
आंगनबाड़ी सुपरवाइजर पूजा देवी और अधिकारियों ने दूल्हा पक्ष को चेतावनी दी कि यदि शादी संपन्न होती, तो दूल्हे, दोनों पक्षों के माता-पिता और पंडित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लड़की के परिजनों को बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत जागरूक किया गया और उन्होंने प्रशासन की बात मानकर शादी को स्थगित करने का वचन दिया।
चाइल्ड हैल्पलाइन समन्वयक कपिल शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद अधिकारियों के साथ समन्वय करके कार्रवाई की गई, जिससे एक नाबालिग का भविष्य सुरक्षित किया जा सका।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!