लगातार हो रही बारिश ने पठानकोट-चम्बा-भरमौर एनएच-154ए पर सफर को बेहद जोखिमभरा बना दिया है। शुक्रवार देर रात गैहरा के पास अचानक पहाड़ी दरकने से हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। भारी मलबा और बड़ी चट्टानें सड़क पर गिरने से मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
स्थिति इतनी खराब हो गई कि कई यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल ही रावी नदी पार करनी पड़ी और दूसरी ओर जाकर वाहनों की अदला-बदली करनी पड़ी। इस दौरान बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही एनएच मंडल चम्बा ने मौके पर तीन जेसीबी मशीनें तैनात कर दीं। हालांकि, चट्टानों का आकार बड़ा होने के कारण मार्ग को बहाल करने में काफी समय लगा। इसका असर दैनिक जरूरत की सप्लाई पर भी पड़ा और दूध, ब्रेड व सब्जियों जैसी आवश्यक वस्तुएं देर शाम ही भरमौर पहुंच सकीं।

वीकेंड होने के चलते होली और भरमौर क्षेत्र के विभिन्न प्रोजेक्ट्स में काम करने वाले कर्मचारियों को भी घर लौटने में भारी फजीहत झेलनी पड़ी। इस दौरान लंबा जाम लगने से कई लोग घंटों तक सड़क पर फंसे रहे।
मार्ग बंद होने के कारण भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज भी जाम में फंस गए। उन्होंने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्र भरमौर को जोड़ने के लिए यह एकमात्र सड़क है और सरकार को आपात स्थिति से निपटने के लिए यहां विशेष मशीनरी की व्यवस्था करनी चाहिए।
उधर, एनएच मंडल चम्बा के जेई गजन सिंह ने बताया कि गैहरा के पास भूस्खलन के कारण सड़क पर भारी मलबा आ गया था, जिससे मार्ग बंद हो गया। उन्होंने कहा कि सड़क बहाली का काम जारी है, लेकिन बड़ी चट्टानों के कारण इसमें देरी हुई।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!