Mandi: किसान की बेटी ने किया कमाल: मंडी की भानु प्रिया ने JRF परीक्षा 2025 पास कर रचा इतिहास, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर

मंडी जिले के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र के हटली इलाके के मनवाना गांव की बेटी भानु प्रिया ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भानु प्रिया ने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित जेआरएफ परीक्षा 2025 में वाणिज्य (कॉमर्स) विषय में सफलता प्राप्त की है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

भानु प्रिया एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता जगदीश चंद शर्मा पेशे से किसान हैं, जबकि उनकी माता मंजुला शर्मा गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश के बावजूद भानु प्रिया ने कभी अपने सपनों को कमजोर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के बल पर यह साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

भानु प्रिया की शिक्षा पूरी तरह से सरकारी शिक्षण संस्थानों से हुई है, जो उनके संघर्ष और सफलता की कहानी को और भी प्रेरणादायक बनाती है। उन्होंने अपनी दसवीं तक की पढ़ाई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खनोट से पूरी की और 12वीं की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बल्द्वाड़ा से हासिल की। इसके बाद उन्होंने राजकीय महाविद्यालय बल्द्वाड़ा से बी.कॉम की डिग्री प्राप्त की और आगे चलकर हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से एम.कॉम किया।

अपनी इस सफलता का श्रेय भानु प्रिया ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और अपने निरंतर स्वाध्याय को दिया है। उन्होंने कहा कि सफलता पाने के लिए कोई शॉर्टकट नहीं होता। अनुशासन, सकारात्मक सोच और सही दिशा में लगातार प्रयास करने से हर लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। भानु प्रिया की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित किया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!