कहते हैं कि इंसान योजनाएं बनाता है, लेकिन अंतिम फैसला ऊपरवाला ही करता है। औद्योगिक नगरी बद्दी के वार्ड नंबर दो, महाराणा प्रताप नगर में ऐसा ही एक दर्दनाक मामला सामने आया, जहां शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। जिस घर में शहनाइयों की गूंज और शादी की तैयारियों की रौनक थी, वहां अचानक सन्नाटा और आंसुओं का माहौल छा गया।
प्रसिद्ध हेयर ड्रेसर नीलम कुमार उर्फ नीलू के घर में उनके बेटे सागर की शादी की तैयारियां पिछले कई महीनों से चल रही थीं। मंगलवार को जिला ऊना के लिए बारात जानी थी। घर को फूलों और रोशनी से सजाया गया था, मेहमान पहुंचने लगे थे और पूरा परिवार इस खुशी के मौके का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। लेकिन रविवार रात अचानक एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
नीलम कुमार के 82 वर्षीय पिता मदन लाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद परिजन तुरंत उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ ले जाने के लिए रवाना हुए। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सकों के अनुसार उन्हें ब्रेन हेमरेज की शिकायत भी थी। इस अचानक हुई घटना ने शादी की सभी तैयारियों को शोक में बदल दिया।
मदन लाल बद्दी शहर के एक सम्मानित और मिलनसार व्यक्ति थे। वह अपनी दुकान के माध्यम से वर्षों से लोगों से जुड़े हुए थे और समाज में उनकी अच्छी पहचान थी। उनके परिवार में दो बेटे, दो बेटियां और पांच पोते-पोतियां हैं। उनके निधन से न केवल परिवार, बल्कि पूरा मोहल्ला और नगर निगम क्षेत्र शोक में डूब गया है। जिस घर में शादी की खुशियां मनाई जानी थीं, वहां अब हर आंख नम है और हर दिल दुखी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!