हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग में लंबे समय तक निष्ठापूर्वक सेवा देने वाले जवानों को बड़ी सौगात दी गई है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) के आदेशों की अनुपालना में पुलिस जिला बद्दी में करीब 32 वर्ष का सेवाकाल पूरा कर चुके 13 पुलिस जवानों को पदोन्नति प्रदान की गई है। इन सभी कर्मियों को मानद मुख्य आरक्षी से मानद सहायक उप-निरीक्षक (Honorary ASI) के पद पर पदोन्नत किया गया है।
पुलिस विभाग में वर्षों तक अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवाएं दे रहे इन जवानों की पदोन्नति को उनके समर्पण और मेहनत का सम्मान माना जा रहा है। यह पदोन्नति न केवल संबंधित कर्मचारियों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि विभाग के अन्य पुलिस कर्मियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
पदोन्नत किए गए पुलिस कर्मियों में मानद मुख्य आरक्षी गुरमेल सिंह-119, गिरधारी लाल-251, पवन कुमार-252, संजीव कुमार-269, सुरजीत सिंह-114, धर्मवीर-221, अशोक कुमार-139, चंचल कुमार-234, ओमकार सिंह-244, हाकम राम-238, अवतार सिंह-151, मानद मुख्य आरक्षी चालक सतपाल-164 और बलजीत सिंह-111 शामिल हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने सभी पदोन्नत जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इन पुलिस कर्मियों ने अपने पूरे सेवाकाल के दौरान विभाग में निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि पदोन्नति के बाद ये सभी जवान और अधिक उत्साह के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और पुलिस जिला बद्दी में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। बद्दी पुलिस की ओर से सभी पदोन्नत जवानों को शुभकामनाएं दी गई हैं।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!