Kangra: शाहपुर के पलवाला में लगा आयुष मेला, विधायक केवल सिंह पठानिया बोले—औषधीय पौधों की खेती से बढ़ेगी सेहत और आय

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की दुर्गेला पंचायत के पलवाला में आयुर्वेद विभाग हिमाचल प्रदेश और नेशनल आयुष मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयुष मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक और उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और आयुर्वेद तथा पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि ऐसे मेलों का मुख्य उद्देश्य लोगों को औषधीय पौधों की खेती, उनके संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ पोस्ट हार्वेस्टिंग के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आयुष पद्धति के तहत दिनचर्या, ऋतुचर्या, आहार-विहार और पंचकर्म जैसी पारंपरिक स्वास्थ्य प्रणालियों की जानकारी भी इन आयोजनों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन और प्रभावी चिकित्सा पद्धति है और प्रदेश सरकार इसे बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. बृजनंदन शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। वहीं हर्बल गार्डन नेरी (हमीरपुर) से आए डॉ. कमल ने औषधीय पौधों के महत्व और उनके उपयोग के बारे में विस्तार से लोगों को बताया।

मेले के दौरान एक निशुल्क बहुद्देशीय स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें करीब 200 लोगों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। शिविर में 106 लोगों के शुगर टेस्ट किए गए, जबकि 78 एक्स-रे और 38 ईसीजी जांच भी की गई। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान विधायक केवल सिंह पठानिया ने बच्चों को स्वर्ण प्राशन की दो बूंद भी पिलाई, जिसे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। उन्होंने लगभग 800 औषधीय पौधे भी वितरित किए और स्वास्थ्य संस्थान परिसर में आंवले का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर ओएसडी आयुर्वेद डॉ. सुनीत पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, डॉ. आशीष, डॉ. रीना, डॉ. आंचल, डॉ. जयति धीमान, डॉ. राखी शर्मा, डॉ. भवानी, डॉ. अमित, स्थानीय प्रधान भारती, पूर्व प्रधान पिंटू परमार, डॉ. राजेश नरयाल, डॉ. बृजेन्द्र, डॉ. श्रीकांत, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, कैप्टन जन्मेजय, कुलभूषण, अनीता धीमान, पूर्व प्रधान कुलवंत, बीओडी एचआरटीसी निदेशक विवेक राणा, फार्मेसी ऑफिसर राजीव भारद्वाज, चमन, गौरव, अश्वनी, हिमानी, वन्दना, हिमानी सहित अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!